“मुहर्रम पर्व को लेकर उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने की समीक्षा बैठक”
“मुहर्रम पर्व को लेकर उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने की समीक्षा बैठक”


सरायकेला-खरसावां जिले में आगामी मुहर्रम पर्व के अवसर पर विधि व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत की संयुक्त अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिले के विभिन्न पदाधिकारियों ने भाग लिया और पर्व के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने कहा कि मुहर्रम पर्व के दौरान विधि व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना अत्यंत आवश्यक है और सभी संबंधित पदाधिकारियों को विशेष सतर्कता और निगरानी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने का भी निर्देश दिया और कहा कि अफवाह फैलाने या सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में विधि-व्यवस्था भंग न हो, इसके लिए पूर्व से ही पुख्ता तैयारियाँ की जाएं। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में ताजिया/जुलूस के साथ मजिस्ट्रेट और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सभी बीडीओ, सीओ और थाना प्रभारी ताजिया/जुलूस के रूट का भौतिक सत्यापन करेंगे और मार्ग में यदि झूलते बिजली के तार या निर्माण सामग्री हों तो उन्हें पूर्व से ही हटवा लिया जाएगा। पर्व के दौरान सभी क्षेत्रों में गश्ती दलों को सक्रिय रखने और उनकी निरंतर गश्त सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।

