तरुण महतो के नेतृत्व में गणपति मिल्क प्रोडक्ट्स प्रबंधन के साथ मजदूरों की वार्ता सफल, मांगों पर बनी सहमति
ईचागढ़: सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ प्रखंड अंतर्गत तिरी डूंगरी स्थित गणपति मिल्क प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड में कार्यरत मजदूरों की विभिन्न समस्याओं को लेकर JLKM के केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं ईचागढ़ विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी तरुण महतो ने कंपनी प्रबंधन के साथ वार्ता की। वार्ता के दौरान मजदूरों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया, जिस पर कंपनी प्रबंधन ने समाधान को लेकर सकारात्मक सहमति जताई।

मजदूरों ने कंपनी में कम वेतन मिलने, कुछ कर्मचारियों को पीएफ और ईएसआईसी की सुविधा उपलब्ध नहीं होने, समय पर भोजन नहीं कर पाने, रात्रि में कैंटीन जल्दी बंद हो जाने और पीने के पानी की समुचित व्यवस्था नहीं होने जैसी समस्याएं रखी थीं। मजदूरों की इन समस्याओं को लेकर तरुण महतो ने प्रबंधन के समक्ष सभी मुद्दों को गंभीरता से उठाया और उनके समाधान की मांग की।
तरुण महतो के नेतृत्व में हुई वार्ता में प्रबंधन ने मजदूरों की मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए समस्याओं के समाधान पर सहमति जताई। इससे मजदूरों में उम्मीद जगी है कि आने वाले दिनों में उनकी समस्याओं का समाधान होगा।
इस मौके पर तरुण महतो ने कहा कि मजदूर किसी भी संस्थान की रीढ़ होते हैं। उनके परिश्रम और योगदान से ही कोई भी कंपनी आगे बढ़ती है। ऐसे में मजदूरों को सम्मानजनक वेतन, पीएफ, ईएसआईसी जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं और अन्य बुनियादी सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है। उन्होंने कहा कि मजदूरों के हक, अधिकार और सम्मान से जुड़े मुद्दों पर वे हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे।
उन्होंने मजदूरों से एकजुट रहने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील भी की।


