Newsझारखण्ड

रांची में ट्रैफिक जाम से राहत के लिए तीन नई सड़क परियोजनाओं को मिली हरी झंडी  

 

रांची :राजधानी रांची में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए राज्य सरकार ने तीन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को सैद्धांतिक मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इन परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) शीघ्र तैयार करने और त्वरित क्रियान्वयन की दिशा में कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

 

इन परियोजनाओं का मुख्य उद्देश्य रांची की आधारभूत संरचना को मजबूत करना, प्रमुख क्षेत्रों में ट्रैफिक लोड कम करना और लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा प्रदान करना है।

 

स्वीकृत तीन प्रमुख परियोजनाएं इस प्रकार हैं:

 

1. अरगोड़ा चौक से चापू टोली तक एलिवेटेड फ्लाईओवर (कटहल मोड़ होते हुए):

इस फ्लाईओवर के निर्माण से शहर के अत्यधिक भीड़भाड़ वाले इलाकों में ट्रैफिक दबाव कम होगा और यातायात का प्रवाह अधिक सुगम होगा।

 

 

2. करमटोली-मोरहाबादी से साइंस सिटी तक फ्लाईओवर और साइंस सिटी से रिंग रोड तक फोरलेन सड़क:

यह परियोजना उत्तरी रांची को रिंग रोड से जोड़ने का कार्य करेगी, जिससे वैकल्पिक रूट्स पर दबाव घटेगा और यातायात का बेहतर प्रबंधन हो सकेगा।

 

 

3. रांची रेलवे स्टेशन के पीछे से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट तक एलिवेटेड कॉरिडोर और फोरलेन सड़क:

यह कॉरिडोर यात्रियों को रेलवे स्टेशन से एयरपोर्ट तक निर्बाध और तेज़ यातायात सुविधा प्रदान करेगा।

 

 

 

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि केवल रांची ही नहीं, बल्कि राज्य के अन्य शहरी क्षेत्रों में भी दीर्घकालिक और व्यावहारिक ट्रैफिक समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों की परिवहन प्रणाली को सुदृढ़ बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

 

इन योजनाओं के धरातल पर उतरने के बाद रांचीवासियों को ट्रैफिक से राहत मिलने की उम्मीद है, साथ ही शहरी आवागमन की गति और सुगमता में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *