रेडिमिक्स इकाइयों पर खनन विभाग की छापेमारी, अवैध परिवहन में दो हाइवा जब्त
सरायकेला-खरसावां जिले में खनिज नियमों के उल्लंघन को लेकर जिला प्रशासन सख्त रुख अपना रहा है। उपायुक्त नितीश कुमार सिंह के निर्देश पर मंगलवार को खनन विभाग की टीम ने कांड्रा और गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पिंडराबेरा में संचालित सभी रेडिमिक्स इकाइयों का औचक निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान रेडिमिक्स प्लांट्स में भंडारित बालू एवं पत्थर जैसे लघु खनिजों की जांच की गई। खनन विभाग की टीम ने प्रत्येक इकाई से वैध अनुज्ञप्ति, भंडारण रजिस्टर और परिवहन से संबंधित कागजात प्रस्तुत करने को कहा। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दस्तावेजों की गहन जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

इसी अभियान के क्रम में पत्थर खनिज के अवैध परिवहन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए विभाग ने दो हाइवा वाहनों को जब्त किया है। दोनों वाहनों में बिना वैध कागजात के पत्थर लदे हुए थे। इस मामले में कांड्रा थाना में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।
जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि खनन से जुड़े किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले में खनिज संपदा के दोहन पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी इस तरह की छापेमारी लगातार जारी रहेगी।

