राजनगर में ट्रेलर और हाइवा की भीषण टक्कर, चालक की मौत, शव निकालने के लिए गैस कटर का सहारा

राजनगर:- राजनगर-चाईबासा मुख्य मार्ग पर स्थित रोला खैरबनी के समीप शनिवार दोपहर करीब 2 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना में हाइवा चालक की मौत हो गई। दुर्घटना ट्रेलर और हाइवा के बीच हुई जोरदार टक्कर के कारण हुई, जिसमें हाइवा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाइवा चालक वाहन के केबिन में बुरी तरह फंस गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद प्रशासन, पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने चालक को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया, लेकिन चालक का पैर वाहन के क्षतिग्रस्त हिस्से में फंसा होने के कारण काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
शव को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए गैस कटर मंगाया गया है। समाचार लिखे जाने तक राहत एवं बचाव कार्य जारी था।
दुर्घटना में ट्रेलर चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। उसकी स्थिति पर चिकित्सकों द्वारा निगरानी रखी जा रही है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने और यातायात बहाल करने के लिए पुलिस एवं प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है।
इस दर्दनाक हादसे ने क्षेत्र में शोक की लहर पैदा कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

