HealthJamshedpurLatestNewsझारखण्डराजनीति

“एमजीएम मेडिकल कॉलेज में JLKM पार्टी का ‘समाधान केंद्र’, अब मरीजों को नहीं झेलनी पड़ेगी परेशानी”

जमशेदपुर – कोल्हान प्रमंडल के सबसे बड़े अस्पताल एमजीएम मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए रोजाना हजारों मरीज विभिन्न जिलों और इलाकों से पहुंचते हैं। हालांकि, सही जानकारी और समुचित मार्गदर्शन के अभाव में कई मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल में इलाज कराने के दौरान परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

 

इन्हीं समस्याओं को देखते हुए JLKM पार्टी ने बड़ा कदम उठाने का ऐलान किया है। पार्टी ने निर्णय लिया है कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज के मुख्य द्वार के सामने एक समाधान केंद्र स्थापित किया जाएगा।

 

पार्टी प्रतिनिधियों के अनुसार, यह समाधान केंद्र मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल की सुविधाओं के बारे में सही जानकारी देगा, उनकी शिकायतें और समस्याएं सुनेगा तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराएगा।

 

इस पहल में जुगसलाई विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी विनोद स्वांसी, केंद्रीय सदस्य विष्णु विद्रोही, प्रखंड अध्यक्ष देवदीप महतो एवं पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं का भी अहम योगदान रहा है। इन्होंने न केवल इस योजना को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, बल्कि मरीजों की मदद के लिए अपने अनुभव और संसाधन भी उपलब्ध कराए।

 

JLKM पार्टी का कहना है कि उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी मरीज बिना इलाज के वापस न लौटे और न ही अस्पताल के चक्कर लगाकर भटकने को मजबूर हो।

 

जल्द ही यह समाधान केंद्र आम जनता की सेवा में उपलब्ध होगा, जिससे कोल्हान के हजारों मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *