BJPNewsझारखण्ड

असंवैधानिक विधेयक के विरोध में 24 अगस्त को चाईबासा में भाजपा का पुतला दहन करेगी झामुमो

 

 

चाईबासा, 22 अगस्त (संवाददाता)।

भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा 20 अगस्त को संसद में पेश किए गए कथित असंवैधानिक विधेयक को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने कड़ा विरोध जताया है। इसी क्रम में 24 अगस्त, रविवार को चाईबासा मुख्यालय समेत राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर झामुमो कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा का पुतला दहन किया जाएगा।

 

जिला झामुमो प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि यह विधेयक भारतीय संविधान के मूल सिद्धांत “दोष साबित होने तक आरोपी निर्दोष है” का घोर उल्लंघन करता है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार द्वारा संसद में लाया गया यह विधेयक लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला है और जनप्रतिनिधियों को उनके दायित्वों से विमुख करने का षडयंत्र है।

 

श्री लागुरी ने आरोप लगाया कि भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार अपने विरोधियों को नुकसान पहुँचाने के लिए केंद्रीय जाँच एजेंसियों का लगातार दुरुपयोग कर रही है। उक्त विधेयक के माध्यम से किसी भी जनप्रतिनिधि को 30 दिन से अधिक समय तक न्यायिक हिरासत में भेजकर, दोषी साबित हुए बिना ही, इस्तीफा देने अथवा पद छोड़ने के लिए विवश किया जाएगा। यह जनता द्वारा दिए गए जनादेश का सीधा अपमान है।

 

जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर संगठन पूरी तरह आंदोलित है। उन्होंने जिले के सभी मंत्री, सांसद, विधायक, केंद्रीय समिति के सदस्य, जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं को 24 अगस्त को पुतला दहन कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया है।

 

झामुमो नेताओं ने कहा कि यह विधेयक भाजपा की हिटलरशाही सोच को उजागर करता है और जनता को गुमराह करने की साजिश है। आगामी कार्यक्रम के तहत गांव-गांव में जनता को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। 24 अगस्त को चाईबासा में आयोजित पुतला दहन कार्यक्रम में हजारों कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *