चांडिल अनुमंडल अस्पताल का जल्द होगा उद्घाटन, विधायक सविता महतो के आग्रह पर स्वास्थ्य मंत्री ने दिया आश्वासन
चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के लोगों के लिए अच्छी खबर है। लंबे समय से बनकर तैयार चांडिल अनुमंडलीय अस्पताल जल्द ही शुरू हो सकता है। अस्पताल के संचालन और उद्घाटन को लेकर ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से मुलाकात कर जल्द आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।

विधायक सविता महतो ने बताया कि अस्पताल का नवनिर्मित भवन पूरी तरह तैयार है, लेकिन विद्युत आपूर्ति के लिए आवश्यक 35 लाख रुपये की राशि उपलब्ध नहीं होने के कारण अस्पताल का संचालन शुरू नहीं हो पा रहा है। इसके चलते चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे स्थानों का रुख करना पड़ रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से अस्पताल में बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक राशि उपलब्ध कराने, चिकित्सकों एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति करने तथा अस्पताल के उद्घाटन की तिथि जल्द निर्धारित करने की मांग की।
विधायक ने कहा कि चांडिल अनुमंडल के ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। अस्पताल शुरू होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को स्थानीय स्तर पर इलाज की सुविधा मिलेगी और उन्हें दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
वहीं, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने विधायक को आश्वासन दिया कि अस्पताल के लिए जल्द ही लगभग 35 लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही चिकित्सकों एवं अन्य आवश्यक मानव बल की व्यवस्था कर अस्पताल का उद्घाटन जल्द कराया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री के इस आश्वासन के बाद चांडिल अनुमंडल अस्पताल के जल्द शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है।


