बड़ाचाकड़ी में पुआल छावनी कर मिट्टी के कच्चे मकान पर रहने को विवश एक गरीब परिवार, प्रशासन से आवास योजना का किया मांग
कुचाई :- एक और जहां केंद्र व राज्य सरकार लोगों के रहने के लिए पीएम आवास योजना एवं अबुआ आवास जैसी योजनाएं चला रही है. लेकिन आज भी ग्रामीण क्षेत्र के लोग पिछले कई वर्षों से पुआल की छावनी कर कच्चे मकान पर रहने को विवश है. ऐसे ही कुचाई प्रखंड के बंदोलोहर पंचायत अंतर्गत बड़ाचाकड़ी गांव में देखने को मिला. जहां उक्त गांव निवासी कारपेट सोय अपनी पत्नी लक्ष्मी सोय अपने बच्चों के साथ पुआल छावनी कर मिट्टी के कच्चे मकान में रहने को विवश है. वें कहते हैं कि इस दुनिया में गरीब लोगों का कोई नहीं है. उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में आवास के लिए आवेदन भी दिया गया था. लेकिन ना आज तक पीएम आवास योजना का लाभ मिला और ना ही अबुआ आवास योजना का. पिछले दिनों लगातार हुई बारिश से घर की स्थिति भी काफी दयनीय है. इधर सूचना पाकर झामुमो नेता रावण सुम्बरूई बड़ा चाकड़ी गांव पहुंचे. वहीं घर की स्थिति का जयजा लिया. इस दौरान उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को प्राथमिकता के आधार पर पहले आवास योजना का लाभ मिलना चाहिए. उन्होंने जल्द ही प्रखंड प्रशासन से मुलाकात कर आवास योजना का दिलाने का आश्वासन दिया.



