कुकड़ू प्रखंड में धूमधाम से मनाई गई विश्वकर्मा पूजा, तिरुलडीह में ट्रैक्टर मजदूर संघ ने सामूहिक रूप से की पूजा-अर्चना
ईचागढ़: बुधवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ विश्वकर्मा पूजा का पर्व मनाया गया। कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पूजा हुई। इधर तिरुलडीह में ट्रैक्टर मजदूर संघ के सदस्यों ने सामूहिक रूप से विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। पूजा अनुष्ठान का संचालन पंडित वशिष्ठ नारायण पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कराया। इस अवसर पर मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन और निर्माण के देवता हैं। मेहनतकश मजदूर और श्रमिक वर्ग हर साल इस दिन को विशेष उत्साह के साथ मनाते हैं, ताकि कार्य में प्रगति और जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहे।



पूजा उपरांत प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। मौके पर ट्रैक्टर मजदूर संघ के धरनी प्रमाणिक, परीक्षित महतो, बबलू साव, बुबाई महतो, कांचन सिंह मुंडा, लालू सिंह मुंडा, विकास महतो, रवि कालिंदी समेत ग्रामीण और आसपास के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। पूरे दिन माहौल भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना रहा।


