भारी बारिश से जर्जर मकान ढहा, बेघर हुआ परिवार
ईचागढ़, संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के पिलीद गांव में मंगलवार की रात हुई भारी बारिश ने किसान वृन्दावन पातर का आशियाना छीन लिया। तेज़ बारिश के चलते उनका कच्चा मकान धराशायी हो गया, जिससे घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। अब मकान में रहना तो दूर, खड़ा होना भी मुश्किल हो गया है।


वृन्दावन पातर के परिवार में कुल पाँच सदस्य हैं, जो फिलहाल खुले आसमान तले रहने को विवश हैं। परिवार की दयनीय स्थिति देखते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मदद की गुहार लगाई है।
समाजसेवी दिलीप दास ने जानकारी दी कि वृन्दावन पातर एक बंधुआ मज़दूर के तौर पर मेहनत-मज़दूरी कर अपने परिवार का गुज़ारा करते हैं। उन्होंने कहा कि इस विपत्ति की घड़ी में प्रशासन को तत्काल राहत पहुंचानी चाहिए।
दास ने अंचल अधिकारी और आपदा प्रबंधन विभाग से अविलंब सहायता की माँग करते हुए वृन्दावन पातर को अबुआ आवास और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर स्वीकृत करने की अपील की है।

