28 से 30 जून तक चलेगा राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, राजनगर में 203 बूथों पर पिलाई जाएगी ‘दो बूंद जिंदगी की’

राजनगर: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड में 28 से 30 जून तक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। तीन दिवसीय इस विशेष अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो से बचाव के लिए जीवनरक्षक “दो बूंद जिंदगी की” खुराक पिलाई जाएगी। अभियान के सफल संचालन को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) राजनगर ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।


प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्याम सोरेन ने बताया कि अभियान के दौरान पूरे प्रखंड में 203 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। वहीं, यात्रा करने वाले परिवारों के बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए 7 ट्रांजिट बूथ भी बनाए गए हैं। ये ट्रांजिट बूथ राजनगर, हेंसल, गोविंदपुर, केसर गाड़िया, रोला, कुजू बस स्टैंड सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर संचालित होंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए 202 आंगनबाड़ी सेविकाएं, 264 सहिया, स्वास्थ्यकर्मी एवं स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। इसके अलावा पूरे अभियान की निगरानी और समन्वय के लिए 22 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। इस तरह कुल 510 कर्मी अभियान में अपनी सेवाएं देंगे। सभी टीमों को पूर्व में आवश्यक प्रशिक्षण एवं दिशा-निर्देश भी दिए जा चुके हैं, ताकि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
डॉ. सोरेन ने बताया कि 28 जून को सभी निर्धारित पोलियो बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई जाएगी, जबकि 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी, जो पहले दिन बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे।
उन्होंने कहा कि पोलियो एक गंभीर बीमारी है, जो बच्चों में स्थायी दिव्यांगता का कारण बन सकती है। इससे बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर पोलियो की खुराक देना है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को निर्धारित तिथि पर निकटतम पोलियो बूथ ले जाकर “दो बूंद जिंदगी की” अवश्य पिलाएं और राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।

