श्रीनाथ विश्वविद्यालय के कॉलेज ऑफ फार्मेसी में वर्ल्ड फार्मासिस्ट डे मनाया गया
इस अवसर पर छात्रों के बीच रंगोली एवं स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता और जागरूकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई रंगोलियाँ और स्लोगन स्वास्थ्य सेवा के प्रति समर्पण और जागरूकता का प्रतीक बने।



कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेंट्रल एफडीए एवं स्टेट एफडीए के ड्रग्स इंस्पेक्टर मोहम्मद अबरार आलम उपस्थित थे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं, जो समाज को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दवाइयाँ उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने छात्रों से पेशेवर ईमानदारी और सेवा भावना बनाए रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना, आदित्यपुर के प्रोप्राइटर एवं वरिष्ठ फार्मासिस्ट श्री अजीत सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने जन औषधि योजना की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह योजना समाज के अंतिम व्यक्ति तक सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाइयाँ पहुँचाने का माध्यम है, जिसमें फार्मासिस्ट की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रोफेसर, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कॉलेज ऑफ फार्मेसी के प्राचार्य डॉ. प्रशांता कुमार महापात्रा ने कहा कि श्रीनाथ विश्वविद्यालय स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति निरंतर समर्पित है और यहाँ के छात्र भविष्य में स्वास्थ्य क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाएँगे।


