गिरिडीह में CSC संचालक के घर डकैती, नकद और जेवर समेत 4.5 लाख की संपत्ति लूटे गए
गिरिडीह जिले के भरकट्टा ओपी क्षेत्र के चिताखारो गांव में बुधवार की रात CSC संचालक संजय वर्मा के घर डकैती की बड़ी वारदात सामने आई। लगभग आधी रात को छह नकाबपोश हथियारबंद अपराधियों ने घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया और रिवॉल्वर की नोक पर संजय वर्मा, उनकी पत्नी और बेटे को बंधक बना लिया।


डकैतों ने घर की तलाशी ली और नकदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान लूट लिया। पीड़ित के अनुसार, लूटी गई संपत्ति में लगभग ढाई लाख रुपये नकद, एक ड्रोन कैमरा और सोने-चांदी के गहने शामिल हैं। संजय वर्मा अपने घर से ही कॉमन सर्विस सेंटर और जनरल स्टोर संचालित करते हैं।
सूचना मिलते ही एसडीपीओ धनंजय राम और ओपी प्रभारी अमन सिंह दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से पूछताछ की। पुलिस ने आसपास के इलाके की नाकाबंदी कर अपराधियों की तलाश शुरू कर दी है।
इस घटना ने ग्रामीणों में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ा दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत स्थानीय थाने को दें। जांच अधिकारी बता रहे हैं कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल भी खड़े कर दिए हैं।

