इंडियन बॉटलिंग प्लांट में चार दिनों से जारी धरना समाप्त, प्रबंधन ने मानीं मजदूरों और विस्थापितों की मांगें
गम्हरिया। सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित इंडियन बॉटलिंग प्लांट में मजदूरों एवं विस्थापितों के अधिकारों को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व में पिछले चार दिनों से जारी धरना-प्रदर्शन आखिरकार सफल रहा। जिला प्रशासन की पहल पर हुई वार्ता के बाद कंपनी प्रबंधन ने मजदूरों एवं विस्थापित समिति की सभी मांगों पर सहमति जताई। इसके बाद समझौता पत्र पर हस्ताक्षर कर आंदोलन समाप्त कर दिया गया। समझौते के बाद प्लांट में उत्पादन कार्य भी पुनः सुचारू रूप से शुरू हो गया।

जानकारी के अनुसार, मजदूरों और विस्थापितों की विभिन्न मांगों को लेकर झामुमो जिला एवं गम्हरिया प्रखंड कमेटी के नेतृत्व में प्लांट के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जा रहा था। आंदोलन के दौरान पार्टी नेताओं ने प्रबंधन के समक्ष मजदूरों के अधिकारों और विस्थापित परिवारों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। चार दिनों तक चले आंदोलन के बाद जिला उपायुक्त के साथ हुई वार्ता में सकारात्मक पहल हुई।
वार्ता के दौरान कंपनी प्रबंधन, विस्थापित समिति के प्रतिनिधियों एवं झामुमो नेताओं की मौजूदगी में जिला श्रम अधीक्षक अविनाश ठाकुर की उपस्थिति में समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए गए। प्रबंधन की ओर से सभी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिए जाने के बाद धरना समाप्त करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद प्लांट में कामकाज दोबारा शुरू हो गया।
इस वार्ता में कंपनी के महाप्रबंधक जयदेव ओझा, उपमहाप्रबंधक प्रतिभा तिर्की, झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो, गम्हरिया प्रखंड अध्यक्ष भोमरा मांझी, प्रखंड सचिव बैधनाथ टुडू, केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के तथा विस्थापित समिति के शत्रुघ्न महतो, तारिणी मंडल, होपना हसदा, बुद्धेश्वर नायेक एवं सुकू मार्डी उपस्थित थे।
इसके अलावा झामुमो नेता अमृत महतो, वीरेंद्र प्रधान, धरमु गोप, जगदीश महतो, कृष्णा महतो, राजेश गोप, मंगल हेम्ब्रम एवं उदय मार्डी सहित बड़ी संख्या में मजदूर और विस्थापित परिवारों के सदस्य मौजूद रहे।
झामुमो नेताओं ने कहा कि मजदूरों के हक-अधिकार और विस्थापित परिवारों के सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। स्थानीय लोगों के साथ अन्याय या मजदूरों के शोषण के मामलों में पार्टी आगे भी उनके साथ खड़ी रहेगी। चार दिनों तक चले आंदोलन के बाद हुए इस समझौते को मजदूरों और विस्थापितों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।


