Newsझारखण्ड

गढ़वा: छात्रा दिव्या कुमारी की मौत के बाद शिक्षिका द्रौपदी मिंज का तबादला, जांच टीम गठित

गढ़वा जिले में दसवीं की छात्रा दिव्या कुमारी की मौत ने पूरे क्षेत्र में गहरा शोक और नाराजगी फैला दी है। परियोजना प्लस टू उच्च विद्यालय बड़गाढ़ में शिक्षिका द्रौपदी मिंज द्वारा कथित पिटाई के बाद छात्रा की हालत गंभीर हो गई थी और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिक्षिका का स्थानांतरण रंका परियोजना विद्यालय में कर दिया है। साथ ही महिला बीईईओ के नेतृत्व में चार सदस्यीय जांच टीम गठित की गई है, जिसने घटना स्थल पर पहुंचकर पूरी घटना की जांच शुरू कर दी।

 

गढ़वा जिला प्रशासन के निर्देश पर मेडिकल टीम ने छात्रा का सदर अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराया। विभागीय सूत्रों के अनुसार जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई तय की जाएगी।

 

दिव्या की मौत के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया, जिससे प्रशासन को स्थिति संभालने के लिए तुरंत कार्रवाई करनी पड़ी। स्थानीय लोगों की मांग है कि दोषी शिक्षिका को निलंबित कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।

 

विद्यालय के शिक्षकों और छात्रों का कहना है कि दिव्या हमेशा अनुशासित और पढ़ाई में अच्छी थी। बताया जा रहा है कि जिस दिन उसने जूते की जगह चप्पल पहनी थी, उसी दिन शिक्षिका ने उसे सबके सामने पीटा, जिससे गंभीर चोटें आईं और वह कोमा में चली गई।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *