Newsझारखण्ड

झारखंड का पहला टाइगर सफारी बनेगा पलामू क्षेत्र में, बढ़ेगा पर्यटन और आजीविका के अवसर

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची स्थित अपने आवासीय कार्यालय में लातेहार जिले के प्रस्तावित टाइगर सफारी प्रोजेक्ट की प्रस्तुति देखी। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि यह झारखंड का पहला टाइगर सफारी प्रोजेक्ट होगा, जिसे लातेहार के पुटूवागढ़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। यह इलाका पलामू टाइगर रिजर्व के बाहर स्थित है और बेतला नेशनल पार्क के नजदीक है।

 

इस परियोजना का उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देना और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। टाइगर सफारी बनने से डाल्टनगंज, बरवाडीह और मंडल डैम क्षेत्र के ग्रामीणों की आजीविका में सुधार होगा। साथ ही, यह प्रोजेक्ट नेतरहाट-बेतला-केचकी-मंडल डैम इको टूरिज्म सर्किट के विकास में अहम भूमिका निभाएगा।

 

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से परियोजना की प्रगति और मानकों के अनुपालन से जुड़ी विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि योजना को पर्यावरण संरक्षण के मानदंडों के अनुरूप आगे बढ़ाया जाए। इस मौके पर मंत्री सुदिव्य कुमार, विधायक कल्पना सोरेन, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) परितोष उपाध्याय और पलामू टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर एस.आर. नाटेश सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *