हुसैनाबाद में दर्दनाक हादसा! सोन नदी में डूबे तीन युवक, अब तक लापता
पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र से दर्दनाक खबर सामने आई है। पोखराही गांव के पास सोन नदी में तीन युवक नहाने के दौरान डूब गए। हादसे में लापता युवकों की पहचान अंकुश पासवान (22 वर्ष) निवासी शेरघाटी, आदर्श चंद्रवंशी (22 वर्ष) निवासी इटवा, और रजनीश चंद्रवंशी (23 वर्ष) निवासी पोखराही गांव के रूप में हुई है।


स्थानीय लोगों के अनुसार, तीनों युवक खरना के दिन नदी में स्नान करने गए थे। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और वे डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही दंगवार ओपी प्रभारी सोनू कुमार पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोज अभियान शुरू किया गया।
घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ नदी किनारे जमा हो गई। देर रात तक गोताखोरों और पुलिस की कोशिशों के बावजूद किसी भी युवक का सुराग नहीं मिल सका। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया है और परिवार के लोग सदमे में हैं।
प्रशासन ने बचाव दल की संख्या बढ़ा दी है और ग्रामीणों से अपील की है कि वे नदी के किनारे सतर्क रहें। अधिकारियों ने कहा है कि सोन नदी में बरसात और खरना के दौरान बहाव तेज होता है, ऐसे में नहाने से परहेज करें।

