हजारीबाग लैंड स्कैम: एसीबी की जांच में BJP विधायक प्रदीप प्रसाद पर भी गहराया शक, 70 से ज्यादा आरोपी नामजद
हजारीबाग में चल रहे चर्चित लैंड स्कैम मामले में अब भाजपा विधायक प्रदीप प्रसाद का नाम भी सामने आया है। यह वही मामला है जिसमें एसीबी (Anti Corruption Bureau) ने पहले ही कारोबारी विनय सिंह, आईएएस अधिकारी विनय चौबे और कई अन्य अफसरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


मिली जानकारी के अनुसार, जांच में पाया गया कि वन भूमि की अवैध खरीद-बिक्री के दौरान जिस रजिस्ट्री दस्तावेज पर जमीन का सौदा हुआ, उसमें विधायक प्रदीप प्रसाद गवाह के रूप में शामिल थे। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने भी कुछ जमीनें खरीदी हैं, जिनकी जांच जारी है। बताया जाता है कि राजनीति में आने से पहले प्रदीप प्रसाद हजारीबाग के प्रमुख भूमि कारोबारियों में गिने जाते थे।
एसीबी ने इस प्रकरण को कांड संख्या 11/2025 के तहत दर्ज किया है। यह पूरा मामला आईएएस विनय चौबे के डीसी रहते हुए वन भूमि की खरीद, बिक्री और म्यूटेशन में हुई अनियमितताओं से जुड़ा है। एजेंसी ने अब तक 70 से अधिक लोगों को आरोपी बनाया है और कई से पूछताछ जारी है।

