सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान होंगे डिजिटल, आयुष्मान भारत योजना का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने पर जोर

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल बनाने और आयुष्मान भारत योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल की अध्यक्षता में उनके सभागार कक्ष में किया गया।


प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों के प्रयोगशाला प्रभारी, फार्मासिस्ट, आयुष्मान मित्र और डाटा मैनेजर शामिल हुए। इस दौरान आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत स्वास्थ्य संस्थानों को ऑनलाइन प्रणाली से जोड़ने और स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल करने की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षकों ने बताया कि सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, ऑनलाइन प्रयोगशाला व्यवस्था और ऑनलाइन दवा वितरण जैसी सेवाओं को डिजिटल प्रणाली से जोड़ना जरूरी है। वहीं, आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों को मिलने वाले स्वास्थ्य लाभ और योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आयुष्मान मित्रों को विस्तृत जानकारी दी गई।
सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने कहा कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को डिजिटल स्वास्थ्य प्रणाली से जोड़ना है, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध हो सके। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि आयुष्मान भारत योजना का लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जाए।
कार्यक्रम में DRCHO डॉ. रंजीत पांडा, राज्य प्रशिक्षक शैलेश प्रताप, निकेत कुमार, जिला कार्यक्रम समन्वयक आयुष्मान भारत तथा जिला परियोजना समन्वयक आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन संदीप सुरिन सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।

