मिलन चौक में ट्रक और मोटरसाइकिल की टक्कर में युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस
ईचागढ़:- थाना क्षेत्र के सिल्ली-रांगांमाटी सड़क मार्ग के मिलन चौक में रविवार शाम को हुए भीषण हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक(JH02Y 9546)और मोटरसाइकिल(JH01GB4587) की आमने-सामने की टक्कर में मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। ट्रक रांगामाटी से सिल्ली की और जा रहा था। मृतक की पहचान मोहन महतो (उम्र लगभग 35 वर्ष), ग्राम- पेरेतोड़ाग, थाना-बाघमुंडी, जिला–पुरुलिया (पश्चिम बंगाल) के रूप में की गई है। मृतक ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के सालूकडीह गांव में मिस्त्री का काम करने आया था।


हादसे की सूचना मिलते ही ईचागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को भी जब्त कर लिया है। वहीं क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को भी अपने कब्जे में ले लिया है। हालांकि स्थानीय ग्रामीण शव को उठाने नहीं दे रहे हैं। घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने जाम हटाने और स्थिति सामान्य करने का प्रयास शुरू कर दिया है। और मामले की जांच भी शुरू कर दी है। समाचार लिखें जाने तक शव को नहीं उठाया गया है।


