शीतकालीन सत्र से पहले मंत्री पद पर फैसला, सोमेश सोरेन को मिल सकता है मौका
झारखंड में विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा तेज हो गई है। विश्वस्त सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार कर सकते हैं, जिसमें घाटशिला उपचुनाव में बड़ी जीत दर्ज करने वाले सोमेश सोरेन को मंत्री बनाये जाने की संभावना सबसे मजबूत मानी जा रही है।


सोमेश सोरेन ने दिवंगत रामदास सोरेन के निधन के बाद खाली हुई विधानसभा सीट पर रिकॉर्ड मतों से जीत कर अपनी पकड़ साबित की है। साथ ही झामुमो को भी घाटशिला में एक बार फिर मजबूत जनसमर्थन मिला है। पार्टी के अंदर यह माना जा रहा है कि जनभावना का सम्मान करते हुए सोमेश को मंत्री बनाना आवश्यक है। संताल समाज से एक और मंत्री जुड़ने से कोल्हान क्षेत्र में संगठन की पकड़ और मजबूत होगी।
रामदास सोरेन के निधन के बाद मंत्रिमंडल में एक पद खाली है। उनके पास स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग था, जिसका प्रभार फिलहाल मुख्यमंत्री के पास है। चुनाव से पहले भी सोमेश को मंत्री बनाए जाने की मांग उठी थी, पर सीएम ने संकेत दिया था कि इस पर फैसला चुनाव परिणाम के बाद होगा।
उधर, राजद और कांग्रेस कोटे के मंत्रियों में फेरबदल की अभी कोई संभावना नहीं दिख रही है। सरकार के शीर्ष स्तर पर माना जा रहा है कि सहयोगी दलों को अस्थिर करने का यह समय नहीं है।

