Newsझारखण्ड

रांची में सेवा का अधिकार सप्ताह की जोरदार शुरुआत, शिविरों में उमड़ी भीड़

रांची जिले में “सेवा का अधिकार सप्ताह” (21–28 नवंबर 2025) की शुरुआत बड़े पैमाने पर हुई। पहले ही दिन जिले के 20 अलग-अलग स्थानों पर लगे जनसेवा शिविरों में ग्रामीणों और शहरी नागरिकों की भारी भीड़ देखी गई। “आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार” अभियान के तहत आयोजित इन शिविरों में लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया।

 

शिविरों में पेंशन स्वीकृति, जाति-आय-निवास प्रमाणपत्र, खाद्य सुरक्षा, दाखिल-खारिज, आवास संबंधी कार्य, सोना-सोबरन धोती-साड़ी-लुंगी योजना के तहत वस्त्र वितरण, साथ ही ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर जैसी परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। कई लाभुक अपने लंबे समय से लंबित कार्यों के समाधान के लिए पहुँचे, जिन्हें मौके पर ही निपटाया गया।

 

अनगड़ा, कांके, बुंडू, नामकुम, ओरमांझी, रातु, सिल्ली सहित कुल 20 प्रखंडों में शिविर आयोजित हुए। बीडीओ, सीओ और जिला स्तरीय अधिकारी पूरे दिन उपस्थित रहे और लोगों की समस्याओं का तत्काल निराकरण किया।

 

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कांके के कोनकी पंचायत शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्था पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुँचे।

 

यह अभियान 28 नवंबर तक जारी रहेगा, ताकि कोई भी पात्र नागरिक लाभ से वंचित न रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *