युवा उन्मुखीकरण सह FLN वॉलंटियर सम्मान समारोह में 53 शिक्षा स्वयंसेवक सम्मानित
झींकपानी: नवागांव पंचायत भवन में 8 दिसंबर 2025 को एस्पायर संस्था द्वारा युवा उन्मुखीकरण सह FLN वॉलंटियर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य झींकपानी प्रखंड के 44 स्कूलों में कक्षा 1 से 3 तक के बच्चों को गतिविधि आधारित शिक्षण उपलब्ध कराने में योगदान देने वाले 53 FLN वॉलंटियर्स को सम्मानित करना था। कार्यक्रम में वालंटियर्स के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि, एस्पायर संस्था के सदस्य, बाल अधिकार सुरक्षा मंच और बालिका अधिकार सुरक्षा मंच के प्रतिनिधि उपस्थित थे।


कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई। सभी वालंटियर्स एवं अतिथियों का तिलक और पुष्प अर्पित कर स्वागत किया गया। इसके बाद युवाओं को ओरियंटेशन के उद्देश्य और उनकी सामाजिक भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।
बाल अधिकार पर GPCM सुषमा ने विस्तार से चर्चा की, वहीं CF किरण कुमार गोप ने RTE-2009 के प्रावधानों को PPT के माध्यम से समझाते हुए बच्चों की शिक्षा और अधिकारों की सुरक्षा में युवाओं की भूमिका पर जोर दिया।

मुख्य अतिथियों में बाल अधिकार सुरक्षा मंच के सचिव रघुनाथ गोप ने कहा कि समाज में व्याप्त बाल विवाह, लिंग भेदभाव और अशिक्षा जैसी समस्याओं को समाप्त करने में शिक्षा ही सबसे बड़ा हथियार है। नवागांव की मुखिया अंजना तामसोय ने युवाओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। अध्यक्ष शामु मुंडा और सलाहकार गारदी मुंडा ने भी वॉलंटियर्स के प्रयास और समर्पण की प्रशंसा की।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 53 FLN वॉलंटियर्स को Certificate of Appreciation का वितरण रहा। इसके बाद भोजनावकाश के उपरांत वालंटियर्स ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि गतिविधि आधारित शिक्षण से बच्चों में सीखने की रुचि और क्षमता में उल्लेखनीय सुधार आया है।
अंत में सामूहिक फोटो और नृत्य के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। समन्वयक महेश्वर सर ने सभी उपस्थित लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास और युवाओं की ऊर्जा से सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता अवश्य बढ़ेगी। कार्यक्रम समुदाय आधारित शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का सफल प्रयास साबित हुआ।

