राजनगर प्रखंड के लखिपोस गांव में विश्व पृथ्वी दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

सरायकेला जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत तुमुंग पंचायत के लखिपोस ओर बतरबेड़ा गांव में बुधवार को विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम एचडीएफसी बैंक परिवर्तन एवं एडेंट सामाजिक कल्याण संगठन के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुआ।


कार्यक्रम में परिवर्तन स्वयं सहायता समूह की चालीस से अधिक महिलाओं के साथ-साथ ग्राम विकास समिति के सदस्यों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी की।
इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, स्वच्छता एवं वृक्षारोपण के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि पृथ्वी हमारे जीवन का आधार है और इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
कार्यक्रम में वायु प्रदूषण को रोकने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने, कृषि में रासायनिक उर्वरकों के स्थान पर जैविक खेती को अपनाने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, बिजली की बचत करने तथा स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही ग्रामीणों को अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे परिवर्तन कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
वक्ताओं ने यह भी कहा कि यदि आज सामूहिक रूप से पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रयास किए जाएँ, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए पृथ्वी को सुरक्षित रखा जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित ग्रामीणों ने अपने गांव को स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में एडेंट सामाजिक कल्याण संगठन के कार्यक्रम प्रबंधक श्री आलोक कुमार कुंडू की गरिमामय उपस्थिति रही। संगठन के अन्य कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

