Newsझारखण्ड

बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाना जरूरी: कमलेश

 

 

चाईबासा: कांग्रेस भवन, चाईबासा में मंगलवार को ग्राम पंचायत कांग्रेस कमेटी और वार्ड कांग्रेस कमेटी के गठन, बूथ लेवल एजेंट चयन और फॉर्म–2 भरने की प्रगति की समीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष रंजन बोयपाई ने की, जबकि मुख्य रूप से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, जिला पर्यवेक्षक एवं पूर्व सांसद डॉ. प्रदीप कुमार बालमुचू, अनुभाग तीन और चार के प्रमुख सूर्यकांत शुक्ला एवं अमुल्य नीरज खलखो उपस्थित रहे।

 

प्रदेश अध्यक्ष कमलेश ने संगठन के विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की और पदाधिकारियों से जमीनी स्तर की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि संगठन सृजन अभियान के तहत प्रखंड और नगर कमिटियों का गठन पूरा हो चुका है तथा मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति भी कर दी गई है। उन्होंने जिला अध्यक्ष को निर्देश दिया कि सभी नव–नियुक्त मंडल अध्यक्षों को सम्मानपूर्वक नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएं।

उन्होंने कहा कि अब ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर पर बारह सदस्यीय कमेटी का गठन किया जाएगा, जिसमें हर वर्ग, जाति और महिला प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाएगा। प्रत्येक पंचायत कमेटी में एक बीएलओ भी शामिल होगा। बीएलए और बीएलओ मिलकर मतदाता सूची पुनरीक्षण में सहयोग करेंगे ताकि नाम जोड़ने और त्रुटि निवारण का कार्य समय पर हो सके। कमलेश ने बताया कि पंचायत कमेटियों की मासिक बैठक अनिवार्य होगी और उसमें मंडल अध्यक्षों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों की एक मजबूत श्रृंखला गांव से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक स्थापित हो सके।

 

उन्होंने कहा कि संगठन ने एक विशेष ऐप तैयार किया है, जिसके माध्यम से कार्यकर्ताओं को निर्देश, एजेंडा और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा संगठन को सशक्त बनाने की दिशा में कई अधिकार प्रदान किए गए हैं, और आने वाले चार वर्षों में संगठन को मजबूत खड़ा करने का लक्ष्य रखा गया है।

बैठक में जिला पर्यवेक्षक डॉ. बालमुचू ने कहा कि संगठन द्वारा तय कार्यक्रमों का संचालन समयबद्ध तरीके से करना जरूरी है। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाएं और संगठन को पंचायत से प्रदेश स्तर तक मजबूत बनाने में सहयोग करें। अनुभाग प्रमुख सूर्यकांत शुक्ला और अमुल्य नीरज खलखो ने बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और कांग्रेस की विचारधारा को जन–जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

 

बैठक के दौरान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी के जन्मदिन पर कांग्रेसजनों ने केक काटकर उनके दीर्घायु की कामना की। बैठक का संचालन कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय और धन्यवाद ज्ञापन नगर अध्यक्ष मो. सलीम ने किया।

 

बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *