गोड्डा में दर्दनाक हादसा: 3 साल की बच्ची की टोटो की चपेट में आने से मौत
गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। मानियामोड़ गांव के महागामा-हनवारा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार टोटो ने तीन वर्षीय सपना सोरेन को रौंद दिया। बच्ची मौके पर ही दम तोड़ गई। मृतक सपना सोरेन साहेबगंज जिले के राजमहल की निवासी थी और नानीघर मानियामोड़ आई हुई थी।


हादसे के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इसके कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया और सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर महागामा थाना प्रभारी मनोज पाल के नेतृत्व में सब इंस्पेक्टर राज गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने की कोशिश की।
पुलिस ने बताया कि बच्ची सड़क पार कर रही थी, इसी दौरान टोटो चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और टोटो पलट गया। हादसे के बाद चालक फरार है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने, टोटो चालक को जल्द गिरफ्तार करने और सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण सुनिश्चित करने की मांग की है।

