JamshedpurNewsझारखण्ड

जुगसलाई में नि:शुल्क चर्मरोग जांच शिविर आयोजित, 17 संदिग्ध मरीजों की जांच में एक नए कुष्ठ रोगी की पुष्टि

 

 

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में कुष्ठ रोग की पहचान, रोकथाम और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुगसलाई में नि:शुल्क चर्मरोग जांच शिविर का आयोजन किया गया। सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के निर्देशानुसार आयोजित यह शिविर ‘मेरी दोस्ती तुमसे’ (एमडीटी) 100 दिवसीय कुष्ठ जागरूकता अभियान के अंतर्गत लगाया गया।

 

शिविर में सहियाओं द्वारा खोजे गए 17 संदिग्ध मरीजों की जांच की गई, जिनमें एक नए कुष्ठ रोगी की पुष्टि हुई। पुष्टि होने के बाद मरीज को नि:शुल्क एमडीटी दवा उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा 13 मरीजों को एमसीआर चप्पल तथा पांच मरीजों को सेल्फ केयर किट वितरित किए गए।

 

जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी सह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुगसलाई के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मृत्युंजय धावड़िया ने स्वास्थ्यकर्मियों को एमडीटी अभियान के तहत संचालित गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कुष्ठ रोग की जल्द पहचान कर समय पर इलाज शुरू करने से दिव्यांगता से बचा जा सकता है। अभियान की अवधि 10 अक्टूबर 2026 से 30 जनवरी 2027 तक निर्धारित है।

 

जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो ने बताया कि शरीर पर किसी प्रकार का दाग हो और उस स्थान पर निश्चित रूप से सुनापन महसूस हो, तो कुष्ठ रोग की आशंका हो सकती है। ऐसी स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुष्ठ रोग न तो अभिशाप है और न ही पिछले जन्म का पाप, बल्कि यह बैक्टीरिया से होने वाला रोग है। इसका इलाज सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में नि:शुल्क उपलब्ध है। उन्होंने रोग के प्रमुख लक्षणों, प्रकार, उपचार और इससे होने वाली दिव्यांगता के बारे में भी जानकारी दी।

 

पीएमडब्ल्यू संगीता चाकी ने मरीजों को सेल्फ केयर के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि उचित देखभाल और आवश्यक उपचार से कुष्ठ रोग से होने वाली जटिलताओं को कम किया जा सकता है। उन्होंने रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी के माध्यम से कुछ प्रकार की शारीरिक विकृतियों को ठीक करने की जानकारी दी। साथ ही सहियाओं को कुष्ठ रोग संबंधी गतिविधियों के लिए विभाग की ओर से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि के बारे में भी बताया।

 

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि कुष्ठ रोग के लक्षण दिखने पर बीमारी को छिपाने के बजाय तुरंत जांच कराएं और समय पर इलाज शुरू करें। सही समय पर उपचार से बीमारी को नियंत्रित करने और दिव्यांगता से बचाव में मदद मिलती है।

Share this news

Deepak Mahato

दीपक महतो – संस्थापक, छोटानागपुर लाइव   दीपक कुमार महतो पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने का व्यापक अनुभव है। अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने न्यूज़ 11 सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार पत्रों में काम किया है।   वर्तमान में वे छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live) के संस्थापक हैं। इसके माध्यम से वे झारखंड की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय समाचारों के माध्यम से आम जनता की आवाज को जन-जन तक पहुंचाना है।   वर्तमान पद: संस्थापक, छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live)   अनुभव: 8 वर्ष | प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनि क मीडिया