Newsझारखण्ड

चाईबासा रेलवे आरक्षण काउंटर की अव्यवस्थाओं पर भाजपा नेता ने उठाई आवाज, डीआरएम को पत्र भेजकर तत्काल सुधार की मांग  

 

 

चाईबासा: (प्रकाश कुमार गुप्ता)चाईबासा रेलवे स्टेशन के आरक्षण काउंटर में अव्यवस्था और यात्रियों को हो रही परेशानियों को लेकर भाजपा पिछड़ा जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री हेमंत कुमार केशरी ने चक्रधरपुर मंडल रेल प्रबंधक (DRM) को पत्र भेजकर तत्काल सुधार की मांग की है।

 

अपने पत्र में केशरी ने लिखा है कि तत्काल टिकट प्राप्त करने के लिए यात्रियों को उचित व्यवस्था न होने के कारण घंटों परेशानी झेलनी पड़ती है। यात्री सुबह 4 बजे से ही ठंड में लाइन लगाते हैं, जबकि टिकट काउंटर हाल सुबह 8 बजे खोला जाता है। उन्होंने बताया कि तत्काल टिकट के फार्म यात्रियों को खुद क्रमांक लिखकर काउंटर की खिड़की में छोड़ने पड़ते हैं और कई बार देखा गया है कि जमा किए गए फार्मों को फाड़कर फेंक दिया जाता है। केशरी के अनुसार, इसका वीडियो भी उपलब्ध है।

 

उन्होंने कहा कि आरक्षण हाल में रेलवे के किसी कर्मचारी की मौजूदगी नहीं रहती, जिसके कारण कई बार यात्रियों के बीच विवाद की स्थिति बन जाती है। साधारण आरक्षण के लिए भी यात्रियों को सुबह 4–5 बजे से बाहर खड़ा होना पड़ता है, जो अमानवीय प्रतीत होता है।

 

केशरी ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने सीनियर कमर्शियल मैनेजर से फोन पर भी शिकायत की है, जहां से उन्हें जांच का आश्वासन मिला है।

 

उन्होंने DRM से मांग की है कि तत्काल टिकट फार्म जमा करने की प्रक्रिया को व्यवस्थित किया जाए, काउंटर पर नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए और आरक्षण हाल को सुबह 5 बजे ही खोल दिया जाए, ताकि यात्रियों को बैठने और सुरक्षा की सुविधा मिल सके।

 

पत्र में हेमंत कुमार केशरी ने उम्मीद जताई है कि रेलवे प्रशासन जल्द कार्रवाई कर यात्रियों को राहत प्रदान करेगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *