चांडिल गोलचक्कर के पास चलती स्कूल बस से गिरा खलासी, पिछले चक्के की चपेट में आने से मौत

चांडिल: सरायकेला खरसावां जिला अंतर्गत चांडिल थाना क्षेत्र के टाटा-रांची मार्ग एनएच-33 स्थित चांडिल गोलचक्कर के समीप गुरुवार की सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूल बस के खलासी की मौत हो गई। मृतक की पहचान चौका थाना क्षेत्र के रुगड़ी गांव निवासी 45 वर्षीय प्रभात महतो के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे एक स्कूल बस चौका की ओर से बच्चों को लेकर दयावती मोदी पब्लिक स्कूल, चांडिल के उमेश नगर परिसर की ओर जा रही थी। इसी दौरान चांडिल गोलचक्कर के पास प्रभात महतो अचानक चलती बस से नीचे गिर गए। उनके गिरते ही बस का पिछला चक्का उनके ऊपर से गुजर गया। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी जुटाई। परिजनों एवं स्थानीय लोगों की मदद से प्रभात महतो को चांडिल अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर किन परिस्थितियों में प्रभात महतो चलती स्कूल बस से नीचे गिरे। हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन चांडिल अनुमंडल अस्पताल पहुंचे। अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। हादसे की खबर से रुगड़ी गांव में भी शोक का माहौल है।घटना ने स्कूल बसों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बच्चों की सुरक्षा के साथ बस चालक और खलासी की सुरक्षा भी जरूरी है। चलती बस से खलासी के गिरने और पिछले चक्के की चपेट में आने की घटना के बाद स्कूल बसों के संचालन और सुरक्षा मानकों की जांच की आवश्यकता महसूस की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




