शादी का झांसा देकर नाबालिग का यौन शोषण, गुवा पुलिस ने आरोपी को दबोच कर भेजा चाईबासा जेल
नसीम अंसारी की रिपोर्ट


गुवा : नाबालिग लड़की के साथ शादी का झांसा देकर लंबे समय तक यौन शोषण करने के सनसनीखेज मामले में गुवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में चाईबासा जेल भेज दिया है।
गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि गुवा थाना क्षेत्र के ठाकुरा गांव मुंडा टोली निवासी बांगो चाम्पिया द्वारा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी लगभग 14 वर्षीय नाबालिग पुत्री के साथ जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के डिपासाई गांव निवासी कृष्णा सिंकु (पिता–शंभू सिंकु, उम्र लगभग 20 वर्ष) ने शादी का झांसा देकर बीते दो वर्षों से लगातार यौन शोषण किया।
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब नाबालिग के गर्भवती होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पीड़िता के पिता के आवेदन पर गुवा थाना में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 65(1) एवं पोक्सो एक्ट की धारा 4/6 के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक चाईबासा के निर्देश पर किरीबुरू एसडीपीओ अजय कुमार केरकेट्टा के नेतृत्व में गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार, थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कृष्णा सिंकु को जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के डिपासाई गांव से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं पीड़िता को चिकित्सीय जांच के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेजा गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

