झारखण्ड

पत्रकार सुरक्षा कानून का मसौदा तैयार कर सरकार को भेजेगा AISMJWA, रांची बैठक में हुआ बड़ा ऐलान

 

रांची: ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन (AISMJWA) की प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक एवं सम्मान समारोह में पत्रकारों की सुरक्षा, संगठन की मजबूती और पत्रकार हितों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कार्यक्रम में देशभर से आए संगठन के पदाधिकारियों ने पत्रकार सुरक्षा कानून की आवश्यकता पर जोर दिया।

 

बैठक में संगठन के राष्ट्रीय महासचिव प्रीतम सिंह भाटिया ने कहा कि एसोसिएशन जल्द ही पत्रकार सुरक्षा कानून का मसौदा तैयार कर केंद्र और राज्य सरकारों को भेजेगा, ताकि इस पर गंभीर चर्चा शुरू हो सके। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से पत्रकारों के लिए ठोस सुरक्षा कानून नहीं बन पाया, जबकि पत्रकारों की खबरों के आधार पर कई कानून बने हैं।

 

बंगाल प्रभारी किरनजीत सिंह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भी पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को मजबूती से उठाया जाएगा और प्रदेश कमेटी का जल्द विस्तार किया जाएगा। उन्होंने संगठन की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि मुश्किल समय में संगठन ही पत्रकारों की सबसे बड़ी ताकत है।

 

प्रदेश अध्यक्ष नरेश श्रीवास्तव ने कहा कि प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक नियमित बैठकें आयोजित कर संगठन को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन की अगली प्रदेश स्तरीय बैठक बोकारो में बड़े स्तर पर आयोजित होगी।

 

कार्यकारी अध्यक्ष प्रशांत सिंह राजपूत ने स्वीकार किया कि कुछ जिलों में संगठन निष्क्रिय है, लेकिन जल्द ही वहां टीम भेजकर संगठन को सक्रिय किया जाएगा। वहीं प्रदेश महासचिव अभय पल्लीवार ने संगठन के साथ-साथ पत्रकारों के लिए प्रशिक्षण एवं कार्यशालाओं के आयोजन पर भी जोर दिया।

 

प्रदेश उपाध्यक्ष अवधेश सिंह ने देवघर प्रेस क्लब की भूमि से जुड़े अतिक्रमण के मुद्दे को सरकार तक पहुंचाने की बात कही। प्रदेश कानूनी सलाहकार सुभाष कटरियार ने घोषणा की कि पत्रकार सुरक्षा योजना का मसौदा तैयार कर सरकार को भेजा जाएगा और जिन पत्रकारों पर किसी भी प्रकार के मामले दर्ज हैं, उनका निःशुल्क कानूनी सहयोग किया जाएगा।

 

कार्यक्रम में रांची, जमशेदपुर, सरायकेला, चाईबासा, धनबाद, बोकारो, देवघर, दुमका, गोड्डा, लातेहार, साहेबगंज सहित कई जिलों के पत्रकारों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ साईं बाबा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मंच संचालन सुभाष कटरियार और प्रशांत सिन्हा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रदेश प्रवक्ता मोहम्मद सईद ने दिया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जिलों के पदाधिकारियों ने भी अपने सुझाव और विचार साझा किए।

Share this news