Newsझारखण्ड

भाजपा में जिला अध्यक्ष चुनाव को लेकर रायशुमारी संपन्न 

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): भारतीय जनता पार्टी पश्चिमी सिंहभूम जिला में जिला अध्यक्ष के चुनाव को लेकर गुरुवार को जिला कार्यालय में रायशुमारी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व वर्तमान जिला अध्यक्ष संजय पांडे ने किया। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

 

रायशुमारी कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, प्रदेश उपाध्यक्ष बड़कुंवर गागराई, पूर्व सांसद गीता कोड़ा, पूर्व विधायक गुरुचरण नायक, पूर्व विधायक शशि भूषण सामड, गीता बालमुचू सहित पूर्व जिला अध्यक्ष, सभी मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रतिनिधि और जिला स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रदेश संगठन की ओर से अशोक शर्मा चुनाव प्रभारी के रूप में तथा मनोज सिंह और जयलंदर कुमार पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित थे।

 

संगठनात्मक संतुलन और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए पश्चिमी सिंहभूम जिला को दो भागों में विभाजित कर रायशुमारी की गई। चक्रधरपुर और मनोहरपुर क्षेत्र के लिए अलग से रायशुमारी कराई गई, जबकि जगन्नाथपुर, मझगांव और चाईबासा सदर क्षेत्र के लिए जिला अध्यक्ष पद को लेकर अलग कार्यक्रम आयोजित किया गया।

 

कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान संगठनात्मक अनुशासन, पारदर्शिता और कार्यकर्ताओं के सम्मान की भावना देखने को मिली।

 

कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। पार्टी सूत्रों के अनुसार, रायशुमारी के आधार पर शीघ्र ही प्रदेश भाजपा द्वारा पश्चिमी सिंहभूम जिला के नए जिला अध्यक्ष की घोषणा की जाएगी, जिससे संगठन को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *