Newsझारखण्ड

फॉरेस्ट फाइटर्स को 13 रनों से हराकर सिंहभूम स्टार्स ने जीता देवेंद्र माझी मेमोरियल क्रिकेट लीग 

 

गोइलकेरा(प्रकाश कुमार गुप्ता): सिंहभूम स्टार्स की टीम ने शहीद देवेंद्र माझी मेमोरियल गोइलकेरा क्रिकेट लीग के छठे सीजन का खिताब जीत लिया। फाइनल मुकाबले में सिंहभूम स्टार्स ने फॉरेस्ट फाइटर्स को 13 रनों से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम की। टूर्नामेंट के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में विधायक जगत माझी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे, जबकि प्रखंड विकास पदाधिकारी विवेक कुमार, थाना प्रभारी विक्रांत मुंडा और झामुमो नेता अकबर खान विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

अतिथियों ने विजेता टीम सिंहभूम स्टार्स को 31 हजार रुपये नगद एवं ट्रॉफी प्रदान की, वहीं उपविजेता फॉरेस्ट फाइटर्स को 25 हजार रुपये नगद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

फाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए सिंहभूम स्टार्स ने 15 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 158 रन बनाए। टीम की शुरुआत खराब रही और दोनों सलामी बल्लेबाज बिना खाता खोले आउट हो गए। मध्यक्रम भी असफल रहा, लेकिन आठवें क्रम पर बल्लेबाजी करने उतरे विशाल नाग ने शानदार पारी खेली। उन्होंने 36 गेंदों पर 79 रन बनाए, जिसमें नौ छक्के और चार चौके शामिल थे। सुमित ने 23 रन जोड़े। फॉरेस्ट फाइटर्स की ओर से माही ने तीन विकेट लिए, जबकि सौरभ और विकास को दो-दो सफलता मिली।

159 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए फॉरेस्ट फाइटर्स की टीम 14.3 ओवरों में 145 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। विशाल लकड़ा ने 46 रन बनाए, जबकि सौरभ, साहिर और मनीष माइकल ने 24-24 रनों का योगदान दिया। सिंहभूम स्टार्स के विशाल जायसवाल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन ओवरों में 28 रन देकर चार विकेट झटके।

विशाल नाग को प्लेयर ऑफ द मैच और मसीह दास बारला को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। इससे पूर्व प्रशासन एकादश और शहीद देवेंद्र माझी मेमोरियल क्लब के बीच खेले गए प्रदर्शनी मैच में प्रशासन एकादश ने जीत दर्ज की। इस मैच में बीडीओ विवेक कुमार को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

कार्यक्रम में आयोजन समिति के अजय नायक, प्रिंस खान, प्रीतम गुप्ता, प्रदीप वाजपेई, सीताराम बेसरा, शम्स तबरेज खान, विद्यासागर चौरसिया, अनिल सिन्हा, वसीम खान, सुमित सेन, एजाज अहमद सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *