Newsझारखण्डसरायकेला

प्रेम विवाह का दर्दनाक अंत: गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध मौत मामले में पति, सास-ससुर समेत चार गिरफ्तार

 

 

आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सतवाहनी स्थित जॉय नेक्स्ट अपार्टमेंट में नवविवाहिता पिंकी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति, सास-ससुर और देवर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है।

 

मृतका के पिता ललित महतो, निवासी आदित्यपुर-1 रोड नंबर तीन, ने अपने दामाद मनीष शर्मा समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए बेटी को प्रताड़ित करने और उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में पति मनीष शर्मा, ससुर श्याम शर्मा, सास पूनम शर्मा और देवर सतीश शर्मा को गिरफ्तार किया है।

 

परिजनों के अनुसार, पिंकी ने कुछ महीने पहले ही प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि वह गर्भवती थी। मायके पक्ष का आरोप है कि घटना के दिन उसके साथ मारपीट की गई और छाती व पेट पर वार किए गए। इसके बाद ससुराल पक्ष के लोग उसे कार से अस्पताल ले गए। परिजनों के मुताबिक, पहले उसे जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल और फिर रांची स्थित रिम्स ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

 

पिंकी की मौत की खबर मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए और शव लेकर जॉय नेक्स्ट अपार्टमेंट पहुंचे। वहां उन्होंने विरोध प्रदर्शन करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

 

आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार के अनुसार, मृतका के पिता की लिखित शिकायत के आधार पर दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। नामजद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के तहत अपार्टमेंट के सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है।

 

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पुष्टि की जाएगी।

Share this news