झारखंड में बढ़ी शीतलहर, अगले कुछ दिनों तक राहत की संभावना नहीं
रांची समेत पूरे झारखंड में शीतलहर का असर लगातार तेज हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही ठंडी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है और अगले तीन से चार दिनों तक ठंड से कोई खास राहत नहीं मिलने की संभावना है। 29 दिसंबर को तापमान लगभग स्थिर रह सकता है, जबकि 30 दिसंबर के बाद धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री बढ़ोतरी की उम्मीद है।


राजधानी रांची में रविवार को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में ठंड का असर और अधिक गंभीर रहा। कांके और कोल्हान क्षेत्र में पारा 2.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जबकि मैक्लुस्कीगंज के जोभिया में न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो पिछले 20 वर्षों में सबसे कम है। ठंडी हवाओं और घने कोहरे के कारण सुबह और शाम के समय आम लोगों को परेशानी हो रही है।
घना कोहरा हवाई यातायात को भी प्रभावित कर रहा है। बीते 24 घंटे में बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से 13 उड़ानें रद्द हुईं और कई उड़ानें देरी से रवाना हुईं। एयरपोर्ट प्रशासन ने कहा कि मौसम साफ होने पर उड़ान संचालन सामान्य होगा, लेकिन कोहरे की स्थिति बनी रहने पर आगे भी दिक्कतें जारी रह सकती हैं।

