आदित्यपुर में पत्रकार पर जानलेवा हमला परिजनों संग बेरहमी से की गई मारपीट
आदित्यपुर :


आदित्यपुर थाना क्षेत्र के हरिओम नगर में गुरुवार को एक पत्रकार और उनके परिजनों पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्थानीय निवासी सुभाष यादव और उनके परिवार के सदस्यों ने पत्रकार अंकित शुभम सहित उनके परिवार पर लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला किया, जिसमें सभी गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना दोपहर करीब 11:30 बजे की है। बताया गया कि पार्किंग को लेकर हुई मामूली कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। इसी दौरान आरोपियों ने पत्रकार अंकित शुभम को घेर लिया और उनके साथ जमकर मारपीट की। बीच-बचाव करने आए पिता, माता और बहन को भी नहीं बख्शा गया और सभी को पीटकर घायल कर दिया गया।
परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने चारपहिया वाहन से कुचलकर जान से मारने की कोशिश भी की। आसपास के लोगों की तत्परता से बड़ी घटना टल गई। मारपीट के दौरान सोने की चेन छीनने का भी प्रयास किया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी का व्यवहार पहले से ही इलाके में विवादित रहा है। वाहन खड़ा करने को लेकर वह अक्सर लोगों से उलझता रहता है और मनमानी करता है। आरोप है कि विवाद के बाद उसने अपने एक रिश्तेदार, जो सीआरपीएफ में कार्यरत बताए जा रहे हैं, को भी मौके पर बुला लिया था।
घटना की सूचना मिलने पर आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार पार्किंग को लेकर विवाद के बाद मारपीट की घटना हुई है। पत्रकार अंकित शुभम को गंभीर चोटें आई हैं, विशेषकर नाक से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ है। पुलिस ने लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
थाना प्रभारी ने कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया कि घटना के बाद मीडिया कर्मियों द्वारा कवरेज के दौरान भी आरोपियों के परिजनों ने अभद्र व्यवहार किया।


