Newsझारखण्ड

नगर परिषद चुनाव को लेकर भाजपा नगर इकाई चाईबासा की बैठक, 7 जनवरी को धरना प्रदर्शन का निर्णय

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): भारतीय जनता पार्टी नगर इकाई चाईबासा की एक महत्वपूर्ण बैठक बाल मंडली में नगर अध्यक्ष राकेश पोद्दार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का मुख्य विषय आगामी नगर परिषद चुनाव तथा झारखंड सरकार द्वारा जारी अधिसूचना में व्याप्त त्रुटियों के विरोध को लेकर रहा।

 

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि भारतीय जनता पार्टी नगर इकाई चाईबासा की ओर से पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत 7 जनवरी 2026 को नगर परिषद कार्यालय के समीप एकदिवसीय धरना प्रदर्शन किया जाएगा। यह धरना झारखंड सरकार द्वारा नगर निकाय चुनाव में अपनाई जा रही गलत और जनविरोधी चुनाव प्रणाली के विरोध में आयोजित किया जाएगा।

 

बैठक में तीन प्रमुख मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। पहली मांग यह रही कि नगर निकाय चुनाव ईवीएम (एबीएम) मशीन के स्थान पर बैलट पेपर से कराए जाएं। दूसरी मांग नगर परिषद चुनाव दलीय प्रणाली के आधार पर कराने की है। तीसरी मांग झारखंड सरकार द्वारा नगर परिषद चुनाव को लगातार टालने की प्रवृत्ति पर रोक लगाते हुए शीघ्र चुनाव की तिथि घोषित करने से संबंधित है।

 

इसके अलावा नगर परिषद चाईबासा क्षेत्र की गंभीर समस्याओं पर भी चर्चा की गई। इनमें विकास कार्यों में भ्रष्टाचार, शहर में गंदगी और कचरा उठाव की बदहाल स्थिति तथा बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या प्रमुख रूप से शामिल रही।

 

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि झारखंड सरकार और नगर परिषद की जनविरोधी नीतियों एवं त्रुटिपूर्ण चुनाव प्रणाली को जनता के सामने लाने के लिए भाजपा सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। पार्टी ने स्पष्ट किया कि निष्पक्ष, पारदर्शी और जनहित में नगर निकाय चुनाव सुनिश्चित होने तक संघर्ष जारी रहेगा।

 

बैठक में जिला अध्यक्ष संजय पांडे, अनूप सुल्तानिया, राकेश बबलू शर्मा, प्रताप कटियार महतो, रामानुज शर्मा, मुकेश कुमार, रंजन प्रसाद, जितेंद्र नाथ ओझा, चंद्र मोहन तियू, पवन शर्मा, कामेश्वर विश्वकर्मा, रितेश कुमार पिंटू, दिलीप साव, महेश यादव, रूपेश कुमार और रूपा दास मुख्य रूप से उपस्थित थे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *