Jamshedpurझारखण्डराजनीति

विकास कार्य समीक्षा पखवाड़ा का दूसरा दिनः सरयू राय पहुंचे मिश्रा बगान

मिश्रा बगान से बाहर से निकालें नालाः सरयू राय

बगान वालों ने टीएसआईयूएसएल की बिजली मांगी, चुनाव बाद होगा सर्वे
सिदगोड़ा बाजार के दुकानदारों को हरसंभव मदद का दिया आश्वासन

जमशेदपुर:-विकास कार्य समीक्षा पखवाड़ा के दूसरे दिन जमशेदपुर पूर्वी के विधायक श्री सरयू राय ने लक्ष्मीनगर मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ जेमको क्षेत्र के मिश्रा बगान का सघन दौरा किया। दौरे में मिश्रा बगान के पचास से अधिक नागरिक भी शामिल हुए।

सरयू राय का ध्यान मिश्रा बगान की सभी सड़कों और घरों में जेमको फैक्ट्री परिसर से निकलने वाले पानी और फ्लाईएश के कारण बरसात के दिनों में होने वाले जलजमाव की समस्या की तरफ ध्यान दिलाया गया। विधायक को बताया गया कि जेमको फैक्ट्री परिसर से काफी चौड़ा हिम पाइप से पानी आता है और बगान की नालियां पतली होने के कारण घरों में घुस जाता है। लोगों ने विधायक को मिश्रा बगान की सभी सड़कों के किनारे नालियों को दिखाया और फैक्ट्री परिसर से निकलने वाले नाले के स्थान पर भी ले गए।
यह सब देख विधायक सरयू राय ने मिश्रा बगान के नागरिकों के बीच से ही जेमको प्रबंधन तथा टाटा लाइन के अधिकारियों से बात की और कहा कि इस बरसात में जेमको फैक्ट्री परिसर का पानी निकालने के लिए बगान के बाहर से नाला निकाला जाए और बगान में आने वाले नाला को बंद कर दिया जाए। जेमको प्रबंधन के साथ दो दिन बाद इस मुद्दे पर विधायक की वार्ता होगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि मिश्रा बगान के घरों में बरसात के दिनों में फैक्ट्री से निकलने वाले पानी के घुसने की समस्या का समाधान करेंगे।
इसके अतिरिक्त नागरिकों ने जेमको द्वारा मिश्रा बगान के मैदान को घेर कर फैक्ट्री परिसर में शामिल करने की बात उठाई और कहा कि दुर्गा पूजा आदि सार्वजनिक कार्यक्रमों का आयोजन तथा बच्चों के खेलने-कूदने का बगान में यही एक मैदान है। इसे फैक्ट्री परिसर में शामिल करने से बस्ती वासियों को काफी कठिनाई होगी। विधायक श्री राय ने वहीं से टाटा स्टील के संबंधित अधिकारी से इस बारे में चर्चा की और इस मैदान को जेमको फैक्ट्री परिसर से बाहर रहने देने का अनुरोध किया। अधिकारी ने श्री राय से कहा कि वे लोग इस पर गंभीरतापूर्वक विचार करेंगे।
मिश्रा बगान में जुस्को (टीएसआईयूएसएल) की बिजली उपलब्ध कराने की मांग वहां के स्थानीय निवासियों ने की। इस पर श्री राय ने कंपनी के बिजली प्रभाग के अधिकारियों से वार्ता किया। बिजली प्रभाग के अधिकारियों ने कहा कि 15 वर्ग मीटर का भूखंड उपलब्ध हो जाए तो वे वहां एक सब स्टेशन बनाकर बस्ती को बिजली दे सकते हैं। बस्तीवासियों ने एक स्थान दिखाया, जहां 15 वर्गमीटर का भूखंड उपलब्ध था। टीएसआईयूएसएल के अधिकारियों ने कहा कि लोकसभा चुनाव समाप्त होते ही वे सर्वे करेंगे और मिश्रा बगान को जुस्को की बिजली उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आरंभ करेंगे।
इसके बाद श्री राय ने सिदगोड़ा बाजार का दौरा किया, जहां कुछ दिन पहले 5 दुकानदारों की दुकानें टाटा स्टील द्वारा ध्वस्त कर दी गई थी। टाटा स्टील के लैंड विभाग से बात करने पर पता चला कि जेपीएलई मुकदमा में फैसले के आधार पर दुकानों को तोड़ा गया है। श्री राय ने कहा कि ये दुकानें कोई 40 वर्षों से चल रही थीं। दुकानदारों के पास टाटा स्टील और जेएनएसी द्वारा वसूले जाने वाले रसीद की प्रतियां भी उन्होंने दिखाई। इसके बाद वहां टाटा स्टील लैंड विभाग के एक अधिकारी भी आए और आश्वासन दिया कि मुकदमा के फैसले के मद्देनजर ध्वस्त की गई दुकानों के दुकानदारों के लिए रोजी-रोटी की व्यवस्था कराना तथा उन दुकानों के पीछे स्थित आटा चक्की की जमीन नापने के लिए कल कंपनी का अमीन वहां जाएंगे और जमीन की मापी के बाद इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। विधायक श्री राय ने दुकानदारों की रोजी-रोटी चलने के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

Share this news

Deepak Mahato

दीपक महतो – संस्थापक, छोटानागपुर लाइव   दीपक कुमार महतो पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने का व्यापक अनुभव है। अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने न्यूज़ 11 सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार पत्रों में काम किया है।   वर्तमान में वे छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live) के संस्थापक हैं। इसके माध्यम से वे झारखंड की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय समाचारों के माध्यम से आम जनता की आवाज को जन-जन तक पहुंचाना है।   वर्तमान पद: संस्थापक, छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live)   अनुभव: 8 वर्ष | प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनि क मीडिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *