LatestNewsझारखण्ड

स्पॉन्सरशिप–फोस्टर केयर योजना की समीक्षा बैठक, 117 बच्चों को स्पॉन्सरशिप और 3 को फोस्टर केयर की स्वीकृति

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित प्रकोष्ठ में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता में स्पॉन्सरशिप–फोस्टर केयर अनुमोदन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी पुनीता तिवारी, बाल कल्याण समिति के सदस्य मो. शमीम, संरक्षण अधिकारी डॉ. कृष्णा कुमार तिवारी, बाल गृह एवं गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

बैठक में मिशन वात्सल्य बाल संरक्षण योजना के तहत स्पॉन्सरशिप और फोस्टर केयर (पालन पोषण देखभाल योजना) से संबंधित प्रगति प्रतिवेदन की समीक्षा की गई। उपायुक्त द्वारा स्पॉन्सरशिप योजना के अंतर्गत 117 जरूरतमंद बच्चों और बाल देखरेख संस्थान के 3 बच्चों को फोस्टर केयर योजना के तहत दो उपयुक्त परिवारों में पालन पोषण के लिए चयन को अनुमोदन दिया गया। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य गरीब और जोखिम वाले बच्चों का सर्वांगीण विकास और उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करना है। योजना के तहत लाभुकों को प्रति माह 4,000 रुपये की सहायता दी जाती है।

 

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले में कठिन परिस्थितियों में रहने वाले अधिक से अधिक बच्चों की पहचान कर योजना का लाभ दिया जाए, ताकि उन्हें बाल तस्करी, बाल श्रम और पलायन जैसी समस्याओं से बचाया जा सके। साथ ही फोस्टर केयर योजना के तहत इच्छुक परिवारों की संख्या बढ़ाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।

 

बैठक में बताया गया कि मिशन वात्सल्य के तहत पूर्व में स्पॉन्सरशिप योजना से 337 बच्चों को लाभ दिया जा चुका है, जबकि फोस्टर केयर योजना के अंतर्गत 14 बच्चों को परिवार आधारित देखभाल से जोड़ा गया है। उपायुक्त ने दोनों योजनाओं के अंतर्गत आच्छादित बच्चों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि वित्तीय सहायता का सही उपयोग बच्चों के बेहतर पालन पोषण में हो सके।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *