6वीं नवीन कुमार सिन्हा मेमोरियल इंटरनेशनल फिडे रैपिड शतरंज प्रतियोगिता 1 फरवरी को
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिम सिंहभूम जिला शतरंज संघ के तत्वाधान में एवं गृह लक्ष्मी सेल्स एंड मार्केटिंग के द्वारा प्रायोजित 6वीं नवीन कुमार सिन्हा मेमोरियल इंटरनेशनल फिडे रैपिड रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन 1 फरवरी 2026 को खिरवाल बैंक्विट हॉल, चाईबासा में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों से लगभग 300 खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है।


प्रतियोगिता के प्रायोजक एवं संघ के संरक्षक नितिन प्रकाश ने बताया कि पिछले वर्ष इस प्रतियोगिता में 245 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। इस वर्ष प्रतियोगिता में कुल 2 लाख रुपये नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
संघ के महासचिव बसंत खंडेलवाल ने बताया कि प्रतियोगिता 10 मिनट प्लस 5 सेकंड इंक्रीमेंट के प्रारूप पर खेली जाएगी। नौ चक्रों के खेल के बाद 1 फरवरी को शाम 6 बजे पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में अब तक दो अंतरराष्ट्रीय मास्टर, बंगाल के शुभयान कुंडू एवं उत्सव चटर्जी, ने अपना नामांकन कराया है।
इस प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक अंतरराष्ट्रीय आर्बिटर विशाल कुमार मिंज होंगे। प्रतियोगिता में शीर्ष 30 खिलाड़ियों सहित विभिन्न कैटेगरी के खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार दिया जाएगा। प्रथम पुरस्कार 40 हजार रुपये व ट्रॉफी, द्वितीय पुरस्कार 25 हजार रुपये, तृतीय पुरस्कार 15 हजार रुपये तथा चतुर्थ पुरस्कार 10 हजार रुपये निर्धारित है। इसके अलावा आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए भी ट्रॉफी दी जाएगी। कुल 49 नकद पुरस्कार एवं 31 ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। नामांकन की अंतिम तिथि 25 जनवरी रखी गई है।
संघ के अध्यक्ष उद्योगपति एवं समाजसेवी मुकुंद रूंगटा ने आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह की अंतरराष्ट्रीय रेटिंग प्रतियोगिताओं से जिले के खिलाड़ियों को अपनी रेटिंग सुधारने का अवसर मिलता है। उन्होंने बताया कि निरंतर प्रतियोगिताओं के कारण जिले में आज 70 से अधिक अंतरराष्ट्रीय वरीयता प्राप्त खिलाड़ी हैं।
प्रतियोगिता के आयोजन के लिए अर्पित खिरवाल को संयोजक एवं अनंत लाल विश्वकर्मा को सह संयोजक नियुक्त किया गया है।

