LatestNewsNews postझारखण्ड

सिरिंगसिया रोड पर अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार को घायल किया

जगन्नाथपुर(प्रकाश कुमार गुप्ता): टोंटो प्रखण्ड अंतर्गत सगरकट्टा नाला मोड़ के पास आज गुरुवार को देर शाम एक अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक बीरसिंह लागुरी, पिता सोमा लागुरी, उम्र 30 वर्ष, चाईबासा से अपने गांव हुटुपसूंड, नोआमुंडी जा रहा था।

 

जानकारी के अनुसार, विपरीत दिशा से आ रहे अज्ञात वाहन ने बीरसिंह लागुरी की मोटरसाइकिल को जोरदार धक्का दिया। इस दौरान उसके मोटरसाइकिल का लेगगार्ड और ब्रेक पेडल सीधे उसके दाहिने पैर के घुटने के नीचे लगे और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

घटना स्थल पर मौजूद पूर्व पंचायत समिति सदस्य जोड़ापोखर झींकपानी रघुनाथ गोप ने तुरंत टोंटो थाना को सूचना दी और घायल को एम्बुलेंस के माध्यम से सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाने की व्यवस्था कराई। स्थानीय लोग और राहगीरों ने भी मदद करते हुए घायल को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।

 

घायल की स्थिति को देखते हुए अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया। सामाजिक कार्यकर्ता रघुनाथ गोप ने घायल के परिजनों को भी इस घटना की जानकारी दी। टोंटो थाना के कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

स्थानीय लोगों ने वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और वाहन चालक की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

यह घटना जिले में बढ़ते सड़क हादसों की चिंता को और बढ़ा रही है। प्रशासन और पुलिस विभाग से नागरिकों ने सड़क सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर अधिक सतर्क रहने की अपील की है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *