Newsझारखण्डसरायकेला

रविवार को भी मैदान में उतरे अध्यक्ष, सफाई कर्मियों की हड़ताल समाप्त

सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में सफाई कर्मियों की चल रही हड़ताल रविवार को समाप्त हो गई। नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी की पहल पर कर्मियों और प्रशासन के बीच सहमति बनी, जिसके बाद कर्मियों ने अपना आंदोलन वापस ले लिया।

जानकारी के अनुसार, अध्यक्ष श्री चौधरी रविवार होने के बावजूद हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मियों के बीच पहुंचे और उनसे सीधा संवाद स्थापित किया। इस दौरान कर्मियों ने अपनी चार सूत्री मांगों से संबंधित हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन अध्यक्ष को सौंपा। उनकी प्रमुख मांगों में भविष्य निधि (PF) की नियमित जमा, आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, श्रम कार्ड एवं बीमा कवरेज, तथा सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मानदेय लागू करना शामिल है।

अध्यक्ष ने कर्मियों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए कार्यपालक पदाधिकारी से वार्ता की और नियमानुसार जल्द समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद हड़ताल का नेतृत्व कर रहे दीपक मुखी समेत अन्य कर्मियों ने अध्यक्ष के आश्वासन पर विश्वास जताते हुए आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की।

कर्मियों ने कहा कि अध्यक्ष श्री चौधरी हमेशा उनके अधिकारों और सम्मान के लिए खड़े रहे हैं, इसलिए उनके आश्वासन पर भरोसा करते हुए हड़ताल वापस ली गई है।

इस मौके पर अध्यक्ष ने कहा कि सफाई कर्मी शहर की स्वच्छता व्यवस्था की मजबूत नींव हैं और उनके अधिकार एवं सम्मान की रक्षा करना नगर पंचायत की प्राथमिकता है। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि सफाई कर्मियों के प्रति सम्मान और सहयोग का भाव रखें तथा गर्मी के मौसम में उन्हें पेयजल उपलब्ध कराने में मदद करें।

मौके पर उपाध्यक्ष अविनाश कवि, सिटी मैनेजर सुमित सुमन सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Share this news