डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो ने उपायुक्त बोकारो को लिखा पत्र, टुसु व मकर पर्व पर प्रशासनिक व्यवस्था की मांग
बोकारो।


डुमरी विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक जयराम कुमार महतो ने टुसु परब एवं मकर परब के अवसर पर बोकारो जिले में आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने को लेकर उपायुक्त बोकारो को पत्र लिखा है। पत्र के माध्यम से विधायक ने जिले के सभी नदी घाटों, तालाबों एवं अन्य जल स्रोतों पर स्वच्छता, सुरक्षा और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देने की मांग की है।
विधायक ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि टुसु परब छोटानागपुर क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और लोक आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है, जिसे बोकारो जिला सहित पूरे क्षेत्र में पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और शहरी श्रद्धालु नदी घाटों, तालाबों और जल स्रोतों पर एकत्र होकर टुसु की जल-बिदाई, स्नान, पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करते हैं। साथ ही विभिन्न स्थानों पर मेलों का आयोजन भी होता है, जिससे जनसहभागिता अत्यधिक बढ़ जाती है।
उन्होंने कहा कि ऐसे में जनहित, जन-सुरक्षा और जन-सुविधा की दृष्टि से यह आवश्यक है कि 14 जनवरी 2026 से पूर्व सभी प्रमुख नदी घाटों, तालाबों, पूजा स्थलों एवं मेला स्थलों पर समुचित साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश, यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन तथा विधि-व्यवस्था से संबंधित सभी आवश्यक प्रशासनिक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएँ।
विधायक जयराम कुमार महतो ने उपायुक्त से आग्रह किया है कि संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर समयबद्ध और प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए, ताकि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, दुर्घटना या श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना न करना पड़े।

