मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा व डालसा के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): मारवाड़ी युवा मंच चाईबासा जागृति शाखा एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के तहत बरकंदाज टोली, मेरी टोला, चाईबासा में नुक्कड़ नाटक का सोमवार को आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रकाश कुमार गुप्ता एवं उषा मिश्रा टीम द्वारा नुक्कड़ नाटक की प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई।


नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने लोगों को नशे से होने वाली गंभीर बीमारियों, शारीरिक व मानसिक तकलीफों और इससे होने वाली मौतों के बारे में सरल और प्रभावी तरीके से जानकारी दी। नाटक में यह दर्शाया गया कि किस प्रकार नशा व्यक्ति के परिवार, समाज और भविष्य को बर्बाद कर देता है। स्थानीय लोगों ने नाटक को ध्यानपूर्वक देखा और संदेश को समझा।
आयोजकों ने बताया कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में फैल रही नशाखोरी को रोकने की दिशा में एक छोटी लेकिन महत्वपूर्ण पहल की जा सकती है। उन्होंने कहा कि यदि समाज के सभी वर्ग मिलकर प्रयास करें तो आने वाली पीढ़ी को नशे से मुक्त किया जा सकता है और देश के भविष्य को सुरक्षित बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा की अध्यक्ष चंदा अग्रवाल, सचिव रिंकी अग्रवाल, कोषाध्यक्ष शिल्पा फिरोजीवाला, ऋचा अग्रवाल, ममता जिंदल, प्रेस प्रभारी खुशबू दोदराजका सहित अन्य सदस्यगण की सक्रिय भूमिका रही। सभी सदस्यों ने कार्यक्रम के आयोजन से लेकर संचालन तक सहयोग किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों से नशा मुक्त जीवन अपनाने की अपील की गई और यह संकल्प लिया गया कि समाज में इस तरह की जागरूकता गतिविधियां आगे भी जारी रखी जाएंगी। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना की और ऐसे कार्यक्रमों को और अधिक स्थानों पर आयोजित करने की मांग की।

