ग्रामीण खेलकूद आयोजन से आपसी संबंध होते हैं प्रगाढ़: जोबा माझी
गोइलकेरा(प्रकाश कुमार गुप्ता): गोइलकेरा प्रखंड के डालैकेला में मकर संक्रांति के अवसर पर नव युवक संघ खेल समिति द्वारा आयोजित दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शुक्रवार को समापन हुआ। समापन सह पुरस्कार वितरण समारोह में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।


कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रखंड विकास पदाधिकारी विवेक कुमार, सोनुवा के जिला परिषद सदस्य जगदीश नायक, सोनुवा थाना प्रभारी शशिबाला भेंगरा, गोइलकेरा थाना प्रभारी विक्रांत मुंडा, मुखिया उदय चेरेवा और झामुमो नेता अकबर खान शामिल हुए।
प्रतियोगिता में बच्चों और युवाओं ने विभिन्न खेलों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
तीरंदाजी, हाफ मैराथन, तैराकी और साइकिल रेस दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहे। सांसद जोबा माझी ने खेल मैदान का भ्रमण कर खिलाड़ियों और दर्शकों का अभिवादन किया।
अपने संबोधन में जोबा माझी ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर पर्व-त्योहारों के अवसर पर खेलकूद आयोजन से आपसी संबंध मजबूत होते हैं। उन्होंने कहा कि खेल से शारीरिक और मानसिक विकास होता है और खेल के क्षेत्र में करियर बनाने के भी अवसर मिलते हैं।
इस मौके पर गोइलकेरा थाना प्रभारी विक्रांत मुंडा के हाथों सीआरपीएफ में चयनित साहिल प्रधान, गृह रक्षक में चयनित कृष्णा प्रधान, मंतोष प्रधान और रोहित प्रधान को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला ओलंपिक संघ के अजय नायक, अघना कंडुलना, संजीव प्रधान, सुखमती कोड़ा, अरविंद प्रधान, रथों प्रधान, नवदीप प्रधान, लक्ष्मीकांत प्रधान, सुदीप प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

