जोजोहातु में 16 प्रहरीय अखण्ड हरिबोल संकीर्तन राधा-गोविंद नाम महायज्ञ का हुआ समापन

कुचाई प्रखंड के जोजोहातु में श्री श्री सार्वजनिक बजरंगबली पूजा समिति बंगला टोला की ओर से आयोजित 16 प्रहरीय अखण्ड हरिबोल संकीर्तन राधा-गोविंद नाम महायज्ञ मंगलवार को सम्पन्न हो गया. इस धार्मिक आयोजन से पूरे गांव का माहौल भक्तिमय बना रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भक्ति रस में डूबे रहे. समापन के अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई. मंदिर परिसर में स्थापित राधा-कृष्ण की प्रतिमा का श्रद्धा और भक्ति के साथ विसर्जन किया गया. इस दौरान जोजोहातु गांव के ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया.


विसर्जन यात्रा के दौरान भक्तों ने भजन-कीर्तन करते हुए पूरे गांव का भ्रमण किया और अंत में बुरू गाड़ा सोना नदी में प्रतिमा का विसर्जन किया गया. पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला. ग्रामीणों ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें सभी ग्रामवासियों का सराहनीय सहयोग रहा. मौके पर बारूहातु पंचायत के मुखिया रेखामुनी उरांव,मधुसूदन दास, महेश योगी, संतोष कुमार महतो, उमेश चंद्र महतो, भरत पांडे, पप्पू तिवारी, दशरथ उरांव समेत काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.

