Newsझारखण्ड

चाईबासा–तांतनगर सड़क पर सड़क दुर्घटना, मथुरा चांपिया गंभीर रूप से घायल, ग्रामीणों ने स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): शहर के सदर मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत तुईबीर गांव के समीप चाईबासा–तांतनगर मुख्य सड़क पर सोमवार संध्या करीब 6 बजे एक सड़क दुर्घटना में 35 वर्षीय मथुरा चांपिया गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार मथुरा चांपिया को पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

 

घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल घायल मथुरा चांपिया को सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि घायल की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

 

घटना की जानकारी देते हुए प्रकाश कुमार भंज और साहू देवगम ने बताया कि तुईबीर गांव के पास इस सड़क पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने कहा कि सड़क पर दोनों ओर मोड़ है, लेकिन वाहन चालक तेज गति से वाहन चलाते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। रविवार को भी इसी स्थान पर एक सड़क दुर्घटना हुई थी।

 

ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर या अन्य सुरक्षा उपाय नहीं होने के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई बार इस समस्या को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

 

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द चाईबासा–तांतनगर मुख्य सड़क के तुईबीर गांव के पास गतिरोधक स्पीड ब्रेकर लगाया जाए, ताकि भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

 

लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश और चिंता का माहौल है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *