मंझारी मंडल में भाजपा की विशेष बैठक, जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू का कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): भारतीय जनता पार्टी की जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू ने मझगांव विधानसभा क्षेत्र के मंझारी मंडल में विशेष बैठक की। बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने नव-निर्वाचित जिला अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया और पार्टी के समर्थन में नारे लगाए।


स्वागत कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के संकल्प के तहत गीता बालमुचू को जिला अध्यक्ष के रूप में चुना है। इससे संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा उनके नेतृत्व में पार्टी के सभी कार्य पूरे होंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता समर्पित भाव से एकजुट होकर संगठन को आगे बढ़ाएंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए गीता बालमुचू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और सभी कार्यकर्ता स्वयं को जिला अध्यक्ष मानकर पार्टी के कार्यों को पूरा करें। उन्होंने कहा कि चुनाव में अपेक्षित सफलता नहीं मिली, जिसका सभी को दुख है, लेकिन पार्टी जनहित के कार्यों में लगातार जुटी रहेगी।
गीता बालमुचू ने कहा कि संगठन से ऊपर कोई नहीं है और सभी कार्यकर्ता पार्टी के प्रति निष्ठावान हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 25 जनवरी को अपने-अपने बूथों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनने का आग्रह किया। इसके साथ ही उन्होंने 27 जनवरी को चाईबासा में आयोजित ग्रामीण मजदूरों के जिला सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। इस सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही के विचारों को सुनकर उन्हें ग्रामीण जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया गया, ताकि ग्रामीण मजदूरों की जीविका और रोजगार के अवसर बढ़ सकें।
बैठक में पूर्व प्रत्याशी भूषण पाट पिंगूवा, मंडल अध्यक्ष पीतांबर राउत, रामेश्वर सिंकू, सिद्धार्थ गोप, जगेश्वर स्वैन्यां, पूर्व मंडल अध्यक्ष हरीश चंद्र केसरी, साधुचरण बिरुवा, बंशीधर प्रधान, नारायण हेम्ब्रम सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

