LatestNewsNews postझारखण्ड

उपायुक्त की अध्यक्षता में स्कूली शिक्षा योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता कार्यालय के माध्यम से संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

 

बैठक में मुख्यमंत्री विशेष छात्रवृत्ति योजना वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत जिले के सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत सामान्य श्रेणी के विद्यार्थियों को आच्छादित करने से संबंधित प्रखंडवार प्रतिवेदन की समीक्षा की गई। इस दौरान बताया गया कि योजना के अंतर्गत कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों को 1500 रुपये, कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों को 2500 रुपये तथा कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को 4500 रुपये वार्षिक छात्रवृत्ति दी जाती है। जिले में अब तक 765 विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ दिया गया है। साथ ही बताया गया कि जिले के 2064 सरकारी विद्यालयों में लगभग 2 लाख 69 हजार विद्यार्थी नामांकित हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में यूनिफॉर्म वितरण और वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्कूल बैग वितरण से संबंधित अद्यतन प्रतिवेदन का भी अवलोकन किया गया।

 

बैठक में अर्द्धवार्षिक परीक्षा 2025-26 से संबंधित विद्यालयवार प्रतिवेदन की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने 33 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की विषय और विद्यालयवार सूची तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही प्रत्येक प्रखंड के विद्यालयों का भ्रमण कर विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं का अवलोकन करने तथा एक सप्ताह के भीतर सभी संबंधित प्रतिवेदन पोर्टल पर अपडेट करने को कहा गया।

ई-विद्या वाहिनी पोर्टल पर छात्रों और शिक्षकों की उपस्थिति प्रतिशत की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने ऑनलाइन उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन शिक्षकों द्वारा लगातार ऑनलाइन प्रविष्टि नहीं की जा रही है, उन्हें चिन्हित कर सेवा संहिता के अनुसार कार्रवाई की जाए।

 

बैठक में प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च विद्यालयों में इको क्लब गठन, विद्यालयों में आधारभूत संरचना की उपलब्धता तथा आवश्यकताओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने चारदीवारी, शौचालय, पेयजल, छात्रावास और पहुंच पथ की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

 

बैठक में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी टोनी प्रेमराज, जिला शिक्षा अधीक्षक प्रवीण कुमार, क्षेत्रीय शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, सहायक जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, बीपीओ सहित अन्य उपस्थित थे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *